मीडिया की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिकाः राज्यपाल

Spread the love
शिमला
16 नवम्बर, 2018
       राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज चण्डीगढ़ स्थित हरियाणा भवन में इण्डियन जनर्लिस्ट फोरम के स्थापना दिवस तथा राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मीडिया की राष्ट्र निर्माण में हमेशा ही महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज मीडिया को राष्ट्रहित में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की आवश्यकता है ताकि समाज सही दिशा में अग्रसर हो सके।
राज्यपाल ने पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि मीडिया ने समाज को जागरूक तथा सतर्क करने का कार्य किया है और हमारी दिनचर्या समाचार पत्रों के पढ़ने से ही शुरू होती है। इसके बिना हम अपने आप को अधूरा पाते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया ने विश्व को छोटा कर दिया है और हम मीडिया के माध्यम से एक ही स्थान पर विश्वभर की घटनाओं व समाचारों से परिचित हो जाते हैं। उन्होंने चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि आज प्रिंट मीडिया कुछ कठिनाईयों से गुजर रहा है, हालांकि इसकी विश्वसनियता आज भी उच्च स्तर पर कायम है। ऐसे में प्रिंट मीडिया का वृद्धि अति आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथ स्तम्भ है। उन्होंने माना कि सरकार की तरफ से मीडिया को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए ताकि वे प्रभावी ढंग से अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि मीडिया को अपनी निष्पक्षता व विश्वसनियता बनाए रखने के लिए और अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज कुछ गैर पत्रकारों ने मीडिया जगत में प्रवेश किया है और मीडिया से जुड़े लोगों को ऐसे लोगों की स्वयं पहचान करनी चाहिए ताकि वे मीडिया को बदनाम न कर सके।
राज्यपाल ने विकासात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता पर बल देते हुए कहा कि हिमाचल में उन्होंने कई सामाजिक मुददों से सम्बन्धित पहलों की शुरूआत की है, जिसके लिए उन्हें मीडिया से भारी समर्थन मिला है। उन्होंने मीडिया कर्मियांं से सामाजिक कल्याणकारी गतिविधियों को प्रमुखता देने का आहवान किया ताकि समाज में सकारात्मक सोच पैदा हो सके।
इस अवसर पर राज्यपाल ने पत्रकारों को हरियाणा पत्रकार कल्याण पुरस्कार भी प्रदान किए।
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने हरियाणा सरकार द्वारा मीडिया को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
इससे पूर्व, भारतीय पत्रकार कल्याण फोरम के अध्यक्ष पवन अश्री ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा फोरम की गतिविधियों बारे जानकारी दी।
थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त शिव रमन गौड़ तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपिस्थत थे