SPOT LIGHT 24
शिमला
5 जनवरी, 2019
राज्यपाल आचार्य देवव्रत तथा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सिरमौर जिले के रेणुका जी निर्वाचन क्षेत्र के खड़कोली के समीप शनिवार प्रातः एक स्कूल बस दुर्घटना में सात लोगों, जिनमें छह स्कूली बच्चे शामिल हैं कि मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया है।
राज्यपाल ने कहा कि यह एक दुःखद घटना है, जिसमें छः मासूम स्कूली बच्चों ने भी अपने प्राण गवाएं। उन्होंने ईश्वर से दिवंग्त आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की भी कामना की है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि वह इस दुर्घटना पर अत्यन्त दुखी है, जिसमें सात बहुमूल्य जानें गई हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा दिवंग्त आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल बच्चां के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को दुर्घटना में मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायल बच्चों को बेहतर उपचार प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।
परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने बस दुर्घटना में छः स्कूली बच्चों तथा बस चालक की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
राज्य मुख्यालय में प्राप्त सूचना के अनुसार 18 स्कूली बच्चों को ले जा रही ददाहू आदर्श विद्या निकेतन स्कूल की यह बस प्रातः लगभग 8 बजे ददाहू-संगड़ाह सड़क पर खड़कोली के समीप एक गहरी खाई में जा गिरी। तीन स्कूली बच्चों और बस के चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को नागरिक अस्पताल नाहन में मृत घोषित किया गया। पांच गंभीर घायल बच्चों को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है और सात अन्य को नाहन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हि.प्र. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा उपायुक्त ललित जैन घायल बच्चों को मिलने अस्पताल पहुंचे और उन्होंने गंभीर रूप से घायल बच्चों को पीजीआई चंडीगढ़ भेजने के प्रबन्ध किए।
जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजन प्रत्येक को 20 हजार रुपये तथा घायलों को 10 हजार रुपये फौरी राहत के रूप में प्रदान किए। इसके अलावा उपायुक्त ने पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किए गए घायलों को रैडक्रॉस निधि से भी 50 हजार रुपये प्रदान किए। .0.